फतेहगढ़ जिला जेल में रविवार को एक बंदी की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत होने की खबर से जेल में बंदियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
जेलर पर हमला कर पथराव के बाद जेल में आग लगा दी।जानकारी के अनुसार, मेरापुर थाना क्षेत्र निवासी संदीप हत्या के मामले में जिला जेल में बंद था।
हालत बिगड़ने पर उसे सैफई रेफर किया गया था। उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर बंदियों ने हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंचे जेलर और अन्य पुलिसकर्मियों पर भी बंदियों ने हमला कर दिया।
बंदियों ने डिप्टी जेलर शैलेश कुमार सोनकर पर हमला कर दिया था। उनके साथ जमकर मारपीट की। जेल से तीन गोलियां चलने की आवाज आई। सूचना पर सीओ सिटी प्रदीप सिंह व फतेहगढ़ कोतवाल जयप्रकाश पाल कुछ सिपाहियों के साथ वहां पहुंचे।
करीब 30 मिनट से लगातार अलार्म बजता रहा है।बताया जा रहा है कि पुलिस ने स्थिति नियंत्रण के लिए फायरिंग की है। बंदियों का आरोप है कि संदीप को समय से इलाज नहीं मिला। इसलिए उसकी मौत हो गई।
दिवाली के दिन सही भोजन न दिए जाने का भी बंदियों ने आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दिवाली पर अहाते न खोले जाने से बंदी आसपास में मिल भी नहीं सके थे।
जिला कारागार फतेहगढ़ के बंदी संदीप यादव की सैफई पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बंदी की मौत की सूचना मिलते ही जेल में हड़कंप मच गया। बंदियों ने जेल में पथराव और आगजनी कर दी। जेल पुलिस ने समय रहते नियंत्रण प्राप्त कर लिया।