देश में कोरोना के नए मामलों में फिर एक बार गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में 43,504 मरीज मिले। 44,204 ठीक हुए और 908 लोगों ने इस महामारी से जान गंवा दी।
इस दौरान सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र (9,083) और केरल (13,772) में सामने आए। इन दोनों राज्यों में फिलहाल सबसे ज्यादा मरीजों का इलाज चल रहा है। बीते दिन देश में आए कुल मामलों के 53% मामले इन्हीं दोनों राज्यों में सामने आए हैं।
गुरुवार को एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 1,625 की कमी आई है। एक दिन पहले ही इसमें 336 की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। बीते 105 दिन में यह पहली बार था जब एक्टिव केस बढ़े थे। इससे पहले 12 मई को इसमें 6,399 का उछाल आया था।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
- बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 43,504
- बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 44,204
- बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 908
- अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.07 करोड़
- अब तक ठीक हुए: 2.98 करोड़
- अब तक कुल मौतें: 4.05 लाख
- अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 4.53 लाख
उत्तर प्रदेश
यहां गुरुवार को 110 लोग संक्रमित पाए गए। 258 लोग ठीक हुए और 10 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 17.07 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 16.82 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 22,676 मरीजों ने दम तोड़ दिया। यहां 1,789 मरीजों का इलाज चल रहा है।