नई दिल्ली : जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों की मदद करने वाले देवेंद्र सिंह को लेकर राजनीतिक गहमागहमी तेज हो गयी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार 17 जनवरी को ट्वीट कर देवेंद्र सिंह को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने लिखा कि देवेंद्र सिंह के मामले पर जनता को चुप कराने का सबसे बेहतरीन तरीका सरकार के पास यही है कि उसे नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी के हवाले कर दें। क्योंकि NIA की अगुवाई भी एक और मोदी ही कर रहा है।
वाईके मोदी जिसने गुजरात दंगे और हरेन पंड्या मामले की जांच की थी। वाईके की अगुवाई में ये केस उसी तरह है मानो पूरी तरह से दब जायेगा।
बता दें कि बीते दिनों जम्मू-कश्मीर के कुलगाम से डीएसपी देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया था। उसके साथ दो आतंकी भी गिरफ्तार किए गए थे, जो कि नई दिल्ली में बड़ा धमाका करने की साजिश रच रहे थे।
देवेंद्र सिंह की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा पर कई तरीके के सवाल खड़े हुए, बाद में एक्शन लेते हुए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर दिया। इसके अलावा पूर्व पुलिसकर्मी को जो अवॉर्ड दिए गए थे, उन पुरस्कारों को भी वापस ले लिया गया था।
गौरतलब है कि देवेंद्र सिंह को जम्मू-कश्मीर से दिल्ली लाने की तैयारी है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस मामले की जुड़ी जांच NIA को सौंप दी है। इसी के बाद विपक्ष इस मसले पर सवाल खड़े कर रहा है।
राहुल गांधी ने इससे पहले भी देवेंद्र सिंह पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया था की उसको लेकर आतंवादियों जैसा ही व्यवहार करना चाहिए। राहुल ने लिखा था कि 6 महीने के अंदर कोर्ट में केस चलाकर उसे सजा देनी चाहिए।
कांग्रेस की ओर से लगातार सवाल किया जा रहा है कि पुलवामा आतंकी हमले में देवेंद्र सिंह का क्या रोल था, इस मसले की भी जांच होनी चाहिए।