दिल्ली के नए पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने शनिवार को कहा कि दंगाइयों के खिलाफ हत्या के मामले दर्ज होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसा करने पर वह भविष्य में दोबारा दंगे करने की हिम्मत नहीं करेंगे।
वहीं उत्तर पूर्वी दिल्ली में हिंसा के मद्देनजर स्कूल सात मार्च तक बंद रहेंगे। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। बता दें कि इससे पहले सीबीएसई ने उत्तर पूर्वी दिल्ली में हिंसा के चलते 10वें और 12वीं के एग्जाम को टाल दिया था।
दिल्ली हिंसा भड़काने के आरोप में पुलिस ने पूर्व निगम पार्षद इशरत जहां को गिरफ्तार किया है। इशरत जहां जगतपुरी इलाके की पूर्व निगम पार्षद रही हैं।
पुलिस के मुताबिक पूर्व पार्षद पर दिल्ली के खुरेंजी इलाके में हिंसा भड़काने का आरोप है। पूर्व निगम पार्षद को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गृह मंत्रालय के मुताबिक, उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने सार्वजनिक स्थानों से अधिकांश मलबा हटा दिया है. हिंसा में 300 से ज़्यादा लोग घायल हैं. पुलिस ने अब तक 123 एफ़आईआर दर्ज की है और 630 लोगों को हिरासत में लिया।
दिल्ली पुलिस ने हिंसा के मामलों की जांच के लिए दो एसआईटी बनाई हैं। 24 फरवरी के बाद से उत्तर पूर्व दिल्ली के हिंसा प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है।
पुलिस ने शुक्रवार को नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में हुई हिंसा में 35 लोगों के मारे जाने के कारणों का खुलासा किया और उनकी मौत की वजह भी बताई। 35 में से 22 की मौत पथराव या उन पर हुए शारीरिक हमले से हुई जबकि 13 की मौत बंदूक की गोली लगने से हुई।
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, अब तक के उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक हिंसा के दौरान (मंगलवार तक) 35 लोगों ने चोट लगने या अन्य कारणों से दम तोड़ा. गोली लगने से 13 लोगों की मौत हुई जबकि 22 लोग चोट लगने की वजह से गंभीर रूप से घायल हुए और बाद में उनकी मौत हो गई।