पंजाब में एक दिसंबर से नाइट कर्फ्यू; देश में मरीजों के ठीक होने की रफ्तार धीमी हुई

कई राज्यों में कोरोना के मरीज बढ़ने और ठीक होने वालों की रफ्तार कम होने से चिंता बढ़ने लगी है। मंगलवार को देश में 37 हजार 765 मरीज ठीक हुए। यह आंकड़ा 31 जुलाई के बाद सबसे कम है। तब 36 हजार 554 मरीज ठीक हुए थे।
उधर, कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए पंजाब सरकार ने प्रदेश के सभी शहरों में 1 दिसंबर से नाइट कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है।
पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बुधवार को नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया। यह कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा।
इसके अलावा कोरोना से जुड़े नियम तोड़ने पर लगने वाला फाइन भी डबल कर दिया गया है। अब नियम तोड़ने पर 1000 रुपये फाइन लगाया जाएगा। सभी होटल, रेस्टोरेंट और वेडिंग वेन्यू रात साढ़े 9 बजे तक बंद करने होंगे।
राज्य सरकार 15 दिसंबर को इन फैसलों की समीक्षा करेगी। पंजाब में अब तक कोरोना के 1,47,665 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 6,834 एक्टिव केस हैं। वायरस से अब तक 4,653 मौतें हुई हैं। लुधियाना में मरीजों की तादाद सबसे ज्यादा है। इससे पहले मध्यप्रदेश, गुजरात और राजस्थान सरकार ने भी अपने यहां कुछ शहरों में नाइट कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया था।
अपने क्षेत्रीय और जनपदीय स्तर की सभी घटनाओ से जुड़े अपडेट पाने के लिए - सोशल मीडिया पर हमे लाइक, सब्सक्राइब और फॉलो करें -