हैदराबाद : नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन करने हैदराबाद पहुंचे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद को पुलिस ने प्रदर्शन से पहले ही हिरासत में ले लिया। पुलिस अब चंद्रशेखर को दिल्ली वापस भेज रही है। चंद्रशेखर आजाद ने ट्वीट करते हुए कहा कि उन्हें गिरफ्तार करने से पहले उनके समर्थकों पर लाठियां भी बरसाई गईं।
ट्वीट में उन्होंने आगे लिखा कि- तेलंगाना में तानाशाही चरम पर है। लोगों के विरोध प्रदर्शन करने के अधिकार को छीना जा रहा है। पहले हमारे लोगों को लाठियां मारी गई। फिर मुझे गिरफ्तार कर लिया गया, अब मुझे एयरपोर्ट ले आएं है दिल्ली भेज रहे है। तेलंगाना के मुख्यमंत्री याद रखे बहुजन समाज इस अपमान को कभी नहीं भूलेगा। जल्द वापिस आऊंगा।
चंद्रशेखर आजाद को जमानत पर दिल्ली की तिहाड़ जेल से छूटे अभी दस दिन ही हुए हैं और एक बार फिर उनको हिरासत में लिया गया। उन्हें दिल्ली के दरियागंज इलाके में पिछले महीने नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान लोगों को भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
दिल्ली के दरियागंज में पुलिस द्वारा लगाई गई निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए नागरिकता कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन की अगुवाई करने के बाद से चंद्रशेखर आजाद ऐसे प्रदर्शनों का एक प्रमुख चेहरा बन चुके हैं। जेल से रिहाई के बाद भी उन्होंने इस कानून पर हमले कम नहीं किए हैं।